विद्यालय एवं परिवार में खुशी का माहौल
नगरी। पीएम श्री श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल नगरी की प्रतिभावान छात्रा श्रेया निर्मलकर ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्रेया का चयन प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, जिला बिलासपुर के लिए हुआ है। उन्होंने चयन परीक्षा में 100 में से 64 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
श्रेया निर्मलकर, पिता पुरुषोत्तम निर्मलकर एवं माता हेमलता निर्मलकर की सुपुत्री हैं। विद्यालय में अध्ययन के दौरान श्रेया ने पढ़ाई के प्रति निरंतर रुचि और अनुशासन का परिचय दिया। चयन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ विद्यालय का भी नाम रोशन किया है।
श्रेया के चयन की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। परिवारजनों ने उनकी सफलता का श्रेय श्रेया की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। वहीं विद्यालय परिवार ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय में चयन होना विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है। श्रेया की इस सफलता से विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
श्रेया ने अपनी सफलता से यह साबित किया है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों एवं विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

