नगरी सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों का जाना हालचाल, चिकित्सकों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश
नगरी। कर्राघाटी में तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीणों का हालचाल जानने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम शनिवार को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती धरम नेताम और गांधी राम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विधायक अंबिका मरकाम ने उपचार कर रहे चिकित्सकों से चर्चा करते हुए घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान विधायक ने कहा कि वन विभाग से चर्चा कर घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने अपनी ओर से भी सहयोग राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया, ताकि प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में राहत मिल सके।
विधायक के अस्पताल पहुंचने से घायलों एवं उनके परिजनों का मनोबल बढ़ा। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा अन्य लोग भी मौजूद रहे।

