लखनपुरी में निर्माण कार्य पर उठे भ्रष्टाचार के आरोप, सीईओ बोले– एसडीओ से कराई जाएगी जांच; बिना सरिया कितना टिकेगा पुल?
धमतरी -जनपद पंचायत नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत लखनपुरी में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित मध्य क्षेत्र बाढ़ीकरण (पुलिया) निर्माण कार्य अब चर्चा के विषय पर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिया के स्ट्रक्चर में आवश्यक सरिया (छड़) का उपयोग ही नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है यह निर्माण लोगों की जान से खिलवाड़ साबित हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया का निर्माण सरकारी राशि से कराया गया, लेकिन गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए केवल सीमेंट और गिट्टी के सहारे ढांचा तैयार कर दिया गया। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान सरिया नहीं डाला गया, जबकि तकनीकी मानकों के अनुसार आरसीसी निर्माण में सरिया अनिवार्य होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिया में वास्तव में सरिया का उपयोग नहीं हुआ है तो यह बरसात और भारी वाहनों का दबाव नहीं झेल पाएगी। इससे भविष्य में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रोहित बोरझा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि “मामला मेरे संज्ञान में आया है। इसकी जांच के लिए संबंधित एसडीओ को मौके पर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि पुलिया निर्माण में सरिया का उपयोग नहीं किया गया, तो आखिर 12 लाख रुपये की लागत से बना यह ढांचा कितने दिन टिक पाएगा? ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा।

