धमतरी पुलिस ने 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का किया विधिवत नष्टीकरण

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में धमतरी पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जप्त कुल 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में संपन्न हुई। प्रक्रिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में पुलिस, आबकारी विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार थाना/चौकी सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव एवं सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कुल 18 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।

नष्टीकरण कार्य के लिए रूपगढ़ पॉवर एंड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम बंजारी का चयन किया गया था। कार्रवाई से पहले पर्यावरणीय मानकों एवं न्यायालयीन दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए गए।

धमतरी पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

नशा छोड़ें, जिंदगी जोड़ें — धमतरी पुलिस आपके साथ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *