महानदी पर निर्माणाधीन करोड़ों रुपये के एनीकट का विधायक अम्बिका मरकाम ने किया निरीक्षण गुणवत्ता युक्त एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करने दिए निर्देश

नगरी,धमतरी । सिहावा विधानसभा क्षेत्र में गणेश घाट सिहावा में महानदी पर निर्माणाधीन करोड़ों रुपये की लागत वाले एनीकट निर्माण कार्य का निरीक्षण करने सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम निर्माण स्थल पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा तकनीकी मापदंडों का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक अम्बिका मरकाम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों, इंजीनियरों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य पूरी पारदर्शिता एवं तय मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महानदी पर बन रहा यह एनीकट क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, भू-जल स्तर में सुधार आएगा तथा सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। गर्मी के मौसम में भी किसानों एवं ग्रामीणों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही आसपास के गांवों में कृषि गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

विधायक ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की समयसीमा एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा तकनीकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य कराया जा रहा है। इस अवसर पर भानेन्द्र ठाकुर,भरत निर्मलकर, सचिन भन्साली ,बबलू गुप्ता, संजय सारथी सहित निर्माण एजेंसी के कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीणो की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *