नगरी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में शुक्रवार को धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ठेनही के पंचायत भवन में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बोर्ड मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में जिला पंचायत धमतरी के प्रभारी अधिकारी कमलेश शर्मा एवं सहायक लखन साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्वरोजगार ही आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी ताकत बनता जा रहा है और शासन भी ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रहा है।
अधिकारियों ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों को अगरबत्ती निर्माण, मसाला उद्योग, सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, बकरी पालन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, सूक्ष्म घरेलू उद्योग सहित विभिन्न कुटीर उद्योगों की जानकारी दी। साथ ही इन उद्योगों को शुरू करने के लिए मिलने वाले बैंक ऋण, अनुदान एवं शासन की सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
शिविर के दौरान कई ग्रामीणों के लोन प्रकरण भी तैयार किए गए। अधिकारियों ने बताया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग रोजगार से जुड़ सकें।
ग्रामीणों ने भी शिविर में रुचि दिखाते हुए स्वरोजगार योजनाओं के संबंध में सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण युवाओं के लिए काफी लाभकारी साबित होंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार शुरू करने की अपील की।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि रूपेश वर नाग, दिनेश यादव, पंचायत सचिव हुलेश प्रजापति, विशाल मरकाम, घना राम गौर, पन्नालाल मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने शासन एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की, ताकि गांव के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें
——————————————————————–



