आईपीएल सट्टा माफियाओं पर धमतरी पुलिस का ‘डिजिटल वार’ : लाइव मैच में लग रहा था करोड़ों का दांव, युवक रंगे हाथ धराया

मोबाइल में खुला सट्टे का काला खेल, Reddyanna नेटवर्क से जुड़ा था आरोपी… स्कूटी, मोबाइल और नगदी जब्त

धमतरी। आईपीएल के रोमांच के बीच धमतरी में ऑनलाइन सट्टे का काला कारोबार तेजी से पैर पसार रहा था, लेकिन इससे पहले कि यह नेटवर्क और बड़ा होता, धमतरी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर एक और ऑनलाइन सट्टेबाज को धर दबोचा। सिटी कोतवाली पुलिस ने आमातालाब रोड पर दबिश देकर लाइव आईपीएल मैच में हार-जीत का दांव लगवा रहे युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के मोबाइल से ऑनलाइन सट्टे का पूरा नेटवर्क खुलकर सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी चर्चित Reddyanna.com वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन बेटिंग करा रहा था। आरोपी बैंक खाते के जरिए रकम का लेन-देन भी कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संस्कार ग्वाल (25 वर्ष), निवासी रामसागरपारा धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से

Realme C-55 मोबाइल

Jupiter 125 स्कूटी

नगदी रकम

जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 31 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना बनी सट्टेबाज के लिए आफत

पुलिस को सूचना मिली थी कि आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास एक युवक मोबाइल के जरिए लाइव आईपीएल मैच में लोगों से पैसे लेकर दांव लगवा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर रेड मारी और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

मोबाइल की जांच में आईपीएल सट्टे से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के सबूत भी मिले हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

पहले भी हो चुकी है कई बड़ी कार्रवाई

धमतरी पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी तीन अलग-अलग मामलों में आईपीएल सट्टा नेटवर्क से जुड़े आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस की चेतावनी

धमतरी पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन सट्टा समाज को खोखला करने वाला अपराध है। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार तकनीकी निगरानी रखी जा रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि कहीं भी जुआ या सट्टे की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *