तंबाकू और धूम्रपान उत्पादों के खिलाफ धमतरी पुलिस का बड़ा अभियान, COTPA एक्ट में 100 प्रकरण दर्ज

धमतरी। जिले में तंबाकू एवं धूम्रपान उत्पादों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए COTPA (Cigarettes and Other Tobacco Products Act) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने और तंबाकू उत्पादों से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 100 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 20,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशे और तंबाकू से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस ने बताया कि तंबाकू और धूम्रपान न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए कानून के प्रभावी पालन के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर समय-समय पर नशामुक्ति, तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध और यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें, बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखें तथा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *