बरसात के बाद सड़कों के काम को मिलेगी रफ्तार, 101 करोड़ से धमतरी में होंगे 6 बड़े सड़क कार्य धमतरी – नगरी सिहावा बोराई मार्ग होगी मजबुती करण

 

पांच प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण, आमदी में बनेगा 3.50 किमी फोरलेन गौरव पथ; उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तत्काल कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने के दिए निर्देश

 

धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। बरसात के बाद अब धमतरी जिले में सड़क विकास कार्यों को रफ्तार मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में 6 महत्वपूर्ण सड़क कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें पांच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निविदाओं को मंजूरी देते हुए धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

लोक निर्माण विभाग के मुताबिक मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया एनएच-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए तथा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

 

इसी तरह राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है। इसी मार्ग में आने वाले आमदी नगर पंचायत क्षेत्र में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा को भी मंजूरी दी गई है।

 

विभाग ने इन कार्यों के अनुमोदन के साथ अनुबंध से पहले ठेकेदारों से संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त रखी है।

 

गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूरे हों काम

 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य विभागीय मापदंडों के अनुरूप कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने अनुबंधित कार्यों को किसी अन्य एजेंसी या व्यक्ति को सबलेट नहीं करने तथा कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी कार्य निर्धारित अनुबंधित समयावधि में पूरे करने और प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा के भीतर ही कार्य संपादित कराने को कहा है।

 

गांव से शहर और पर्यटन तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी

 

इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद धमतरी जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि लोगों के यात्रा समय में भी कमी आएगी। किसानों के लिए कृषि उपज, ग्रामीणों के लिए वनोपज और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

 

धमतरी-कुरूद से लेकर नगरी-सिहावा और बोराई क्षेत्र तक सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीण क्षेत्रों की पहुंच बेहतर होगी। वहीं गंगरेल, सिहावा सहित जिले के प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की आवाजाही सुगम होने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ होटल, होम-स्टे, परिवहन, खान-पान और स्थानीय व्यवसायों को मिल सकता है।

 

आमदी में फोरलेन गौरव पथ बदलेगा शहर की तस्वीर

 

आमदी नगर पंचायत में बनने वाला 3.50 किलोमीटर लंबा फोरलेन गौरव पथ क्षेत्र के लिए इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण होगा। फोरलेन निर्माण के साथ प्रस्तावित सौंदर्यीकरण से नगर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही आमदी के प्रवेश और प्रमुख मार्ग का स्वरूप भी आकर्षक बनेगा। व्यवस्थित सड़क, बेहतर आवागमन और सौंदर्यीकरण से नगर की पहचान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

 

कुल मिलाकर 101 करोड़ रुपये से अधिक के इन छह सड़क कार्यों को धमतरी जिले के सड़क अधोसंरचना विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद जिले में आवागमन के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *