50 पाव अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
धमतरी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चरमुड़िया मार्ग स्थित एक चाय सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश निर्मित 50 पाव अवैध देशी शराब बरामद की गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को सूचना मिली कि चरमुड़िया मार्ग पर स्थित एक चाय सेंटर से मध्य प्रदेश निर्मित अवैध शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत दबिश दी। जांच के दौरान चाय सेंटर संचालक वरुण कंवर (23 वर्ष), पिता सुखचैन कंवर, निवासी ग्राम भोथली, थाना कुरूद के कब्जे से 20 पाव देशी मदिरा मसाला तथा 30 पाव देशी मदिरा प्लेन, कुल 50 पाव मध्य प्रदेश निर्मित अवैध शराब बरामद की गई।
बरामद शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 (अन्य प्रांत की मदिरा) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु, आशीष ध्रुव, अजय राज कश्यप, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आबकारी आरक्षक श्रुति साहू, उमा लक्ष्मी, नीरज चंद्राकर, राजेश यादव तथा वाहन चालक मिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री होती दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

