वार्ड क्रमांक 2 तुमबाहारा में प्रथम वर्ष आयोजित रामलीला में 25 फीट के रावण का हुआ दहन

असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है दशहरा – बलजीत छाबड़ा

नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 2 तुमबाहारा में दशहरा पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रथम वर्ष आयोजित इस पर्व में ग्रामीणों के उत्साह और रामलीला का मंचन कर रहे कलाकारों के समर्पण ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर लगभग 25 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया, जो असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक बना।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने समस्त ग्रामीणों को दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें सिखाता है कि अहंकार, अधर्म और अत्याचार चाहे कितने भी बढ़ जाएं, अंत में विजय सत्य और धर्म की ही होती है। वार्ड तुमबाहारा में प्रथम वर्ष रामलीला का आयोजन करना सराहनीय पहल है। ग्रामीणों का उत्साह और आयोजन के प्रति समर्पण देखकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने ग्रामीणों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भी इसी उत्साह के साथ इस पर्व को मनाया जाए और आयोजन को और भव्य बनाया जाए।

रामलीला एवं रावण वध कार्यक्रम में वार्ड पार्षद देवचरण ध्रुव, महिला एवं बाल विकास सभापति चेलश्वरी साहू, स्वास्थ्य विभाग सभापति शंकर देव, पार्षद जयंती टुकेश्वरी साहू, नमनदीप छाबड़ा, गणेश कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर असत्य पर सत्य की विजय के इस पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *